गाजीपुर: जिले के दुल्लहपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली विभाग में कार्यरत संविदा कर्मचारी प्रमोद यादव (35 वर्ष) की मौत हो गई। हादसा रेवरिया चट्टी के पास मारकंडे मोड़ पर उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रमोद यादव जखनिया की ओर से अपनी बाइक से आ रहे थे। जैसे ही वे मारकंडे मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (UP 61 BT 3340) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मृतक के छोटे भाई विनोद यादव ने दुल्लहपुर थाना में लिखित तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया है कि टक्कर के बाद पिकअप चालक ने वाहन को बैक कर दोबारा प्रमोद पर चढ़ा दिया।
बताया जा रहा है कि पिकअप निजामुद्दीन पुरा नट बस्ती की है और उससे गाय-भैंस ढोने का काम लिया जाता है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष केपी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, पिकअप को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है।

मृतक प्रमोद यादव बिजली विभाग में संविदा पर सहायक एसएसओ के पद पर कार्यरत थे। वे पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी शादी सिखड़ी निवासी प्रियंका यादव से हुई थी और उनका पांच वर्षीय पुत्र प्रत्यूष यादव है। प्रमोद नौकरी के साथ-साथ दुल्लहपुर चौहान मार्केट में किराने की दुकान भी चलाते थे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना अध्यक्ष केपी सिंह ने कहा कि “घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है, तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”









