गाजीपुर। जिले के सुहवल थानाक्षेत्र के खजुहां गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरी में नहाने गए किसान की पैर फिसलने से डूबकर मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 42 वर्षीय राजपति यादव सुबह नहाने के लिए गांव के ही पोखरे पर गए थे। नहाने के दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में जा गिरे और डूबने लगे। आस-पास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सुहवल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक राजपति यादव तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे अपने पीछे पत्नी सुमित्रा, दो पुत्र और एक पुत्री सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
भाई सर्वदेव यादव ने इस घटना की तहरीर पुलिस को दी है। गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है और हर कोई किसान की असमय मौत से दुखी है।
ब्यूरोचीफ – संजय यादव









