Search
Close this search box.

वाराणसी: यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी मंडल की प्रभावी पहल, रेलवे हेल्पलाइन 139 पर करें काॅल

वाराणसी: भारतीय रेलवे, जो देश की जीवन रेखा मानी जाती है, प्रतिदिन करोड़ों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का कार्य करती है। यात्रा को न केवल सुविधाजनक बनाना, बल्कि उसमें आने वाली समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं का त्वरित समाधान करना भी रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल यात्रियों की सहायता हेतु रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 की सुविधा उपलब्ध कराने में अग्रिम भूमिका निभा रहा है। वाराणसी मंडल ने बीते वित्तीय वर्ष में प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान किया, वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी अब तक प्राप्त सभी सहायता मांगों और शिकायतों का तत्परता से निस्तारण किया गया है।

हेल्पलाइन नंबर 139 – एक सर्वसुलभ समाधान प्रणाली

रेलयात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा जैसे:

  • सफाई
  • कैटरिंग
  • स्टेशन सुविधाएं
  • टिकटिंग
  • ट्रेन की स्थिति
  • समय-सारणी
  • चिकित्सा सहायता
  • रिफंड या रद्द/विलंब संबंधित जानकारी

यात्री 139 पर कॉल या एसएमएस के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। इस हेल्पलाइन का समन्वय ‘रेल मदद पोर्टल’ से किया गया है, और यह हिंदी, अंग्रेज़ी सहित कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे हर क्षेत्र के यात्रियों को अपनी भाषा में सहायता प्राप्त करना संभव होता है।

डिजिटल इंडिया की दिशा में एक सशक्त कदम

रेलवे हेल्पलाइन 139 सेवा:

  • सभी मोबाइल नेटवर्क्स पर उपलब्ध है — चाहे वह स्मार्टफोन हो या बेसिक मोबाइल फोन।
  • यात्री को पीएनआर, ट्रेन स्टेटस, टिकट रद्दीकरण, रिफंड जैसी सूचनाएं तुरंत प्राप्त होती हैं।
  • यह सेवा डिजिटल इंडिया मिशन के अनुरूप तकनीकी प्लेटफॉर्म के माध्यम से त्वरित व प्रभावी समाधान प्रणाली प्रदान करती है।

यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास

रेलवे लगातार यात्रियों के फीडबैक के आधार पर सेवाओं में सुधार कर रही है। इस कड़ी में, रेल मदद पोर्टल और हेल्पलाइन 139 की जानकारी को आम जन तक पहुँचाने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

यात्रियों से अपील

पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल यात्रियों की सेवा में सतत रूप से संलग्न है। रेलवे यात्रियों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या शिकायत के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग करें और एक सुगम, सुरक्षित व संतोषजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त करें।

Leave a Comment

और पढ़ें