गाजीपुर। सादात स्थित स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब कॉलेज से लौट रही तीन छात्राएं अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई और तीसरी छात्रा को हल्की चोटें आईं।
पटरी पार करते समय हुआ हादसा
नगर के वार्ड 6 की रहने वाली 17 वर्षीय पायल राजभर, उसकी चचेरी बहन आंचल राजभर (15) और उनकी सहेली जिया गुप्ता भोली (15) रोज की तरह गुरुवार को भी कॉलेज से एक साथ घर लौट रही थीं। तीनों बापू इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं—पायल कक्षा 11, जबकि आंचल व जिया कक्षा 10 में पढ़ती हैं।
करीब 3:30 बजे, समता पीजी कॉलेज के सामने बने समपार से वे पटरी पार कर रही थीं तभी मऊ की ओर से आ रही लिच्छवी एक्सप्रेस को देखकर छात्राएं हड़बड़ा गईं। अचानक हुई अफरातफरी में तीनों लड़कियां पटरी से हट नहीं पाईं।
एक की मौत, एक गंभीर
तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से पायल की मौके पर ही मौत हो गई। जिया गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आंचल को हल्की खरोंचें आईं। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य बच्चे और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना पर एसओ वागीश विक्रम सिंह, एसआई अनिरुद्ध द्विवेदी और दुल्लहपुर जीआरपी प्रभारी ओमशंकर गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल जिया को तत्काल अस्पताल भिजवाया तथा मृतका पायल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घर में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। मृतका पायल तीन बहनों में बीच की थी। उसकी मां इंदू राजभर और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी घटना से गमगीन हैं।
ब्यूरोचीफ – संजय यादव









