Search
Close this search box.

गाजीपुर: चोचकपुर पम्प कैनाल में महीनों बाद बहाल हुई पानी की सप्लाई, किसानों में खुशी की लहर

गाजीपुर: कई सप्ताह की जद्दोजहद और शिकायतों के बाद आखिरकार करंडा क्षेत्र के चोचकपुर पम्प कैनाल में पानी की सप्लाई बहाल कर दी गई। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण महीनों से बाधित सप्लाई के चलते क्षेत्र के किसान भारी सिंचाई संकट से जूझ रहे थे।

पम्प कैनाल में पानी की बहाली की मांग को लेकर किसानों ने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई थी। भाजपा नेता हरेंद्र यादव ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके साथ ही पम्प कैनाल विभाग के अधिकारियों ने भी समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए।

लगातार दबाव और शिकायतों के चलते आखिरकार अधिकारियों ने मंगलवार को कैनाल में पानी छोड़ने का आदेश जारी किया। जैसे ही सप्लाई शुरू हुई, किसानों के चेहरों पर राहत की मुस्कान लौट आई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि तत्काल 50 क्यूसेक पानी खेतों की ओर छोड़ा जाए ताकि सिंचाई कार्य शुरू हो सके।

पम्प कैनाल विभाग ने आश्वस्त किया है कि अब प्रतिदिन 50 क्यूसेक पानी की सप्लाई नियमित रूप से जारी रखी जाएगी। इससे खेतों की सिंचाई निर्बाध रूप से होती रहेगी और फसल उत्पादन में भी सुधार की पूरी उम्मीद है।

स्थानीय किसानों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की और कहा कि यदि इसी प्रकार समस्याओं का समय पर समाधान होता रहा, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और खेती-किसानी को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें