Search
Close this search box.

गाजीपुर: हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर

गाजीपुर: रविवार का दिन गाजीपुर पुलिस विभाग के लिए गहरा शोक लेकर आया, जब सुहवल थाना में तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह का दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया। मात्र 35 वर्ष की उम्र में उनकी आकस्मिक मृत्यु से पुलिस विभाग समेत पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र सिंह की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। रविवार सुबह वह अपने घर आए थे, लेकिन लगभग 11 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन और सहयोगी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज गोरा बाजार ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

धर्मेंद्र सिंह, पुत्र संतोष सिंह, मूल रूप से भदोही जनपद के अजयपुर (कोतवाली थाना क्षेत्र) के निवासी थे। वर्तमान में वे गाजीपुर के सुहवल थाना में दीवान के पद पर तैनात थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे।

साल 2015 में तनु सिंह (निवासी – कपसेठी, वाराणसी) से उनका विवाह हुआ था। वे अपने पीछे पत्नी तनु सिंह, दो बेटियाँ रूही सिंह (9 वर्ष) और चिकू सिंह (4 वर्ष) को छोड़ गए हैं। धर्मेंद्र सिंह के निधन से परिवार पर गहरा दुख का पहाड़ टूट पड़ा है, और पूरा परिवार विचलित है।

सहकर्मियों के अनुसार धर्मेंद्र सिंह एक मिलनसार, अनुशासित और मेहनती पुलिसकर्मी थे। उन्होंने वर्ष 2021 में गाजीपुर यातायात विभाग में सेवा शुरू की थी और 2022 में हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नत हुए। वर्ष 2024 में उनका स्थानांतरण सुहवल थाना में हुआ था। हाल ही में वे जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिंह के साथ एलआईयू PSO ड्यूटी पर कार्यरत थे।

उनके आकस्मिक निधन पर गाजीपुर पुलिस विभाग और स्थानीय प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विभाग ने कहा, “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति दे।”

Leave a Comment

और पढ़ें