गाजीपुर: खानपुर थाना क्षेत्र के टड़वा गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 27 वर्षीय विवाहिता आंचल गिरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह घटना की जानकारी होते ही मायके पक्ष में हड़कंप मच गया और उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।
आंचल गिरी, निवासी भुड़कुडा के रेवरिया गांव की थी। उसकी शादी कुछ वर्ष पूर्व टड़वा निवासी पंकज गिरी से हुई थी, जो हरियाणा के अंबाला में जेसीबी ऑपरेटर का काम करता है। दंपत्ति की एक 4 वर्षीय बेटी सौम्या और 2 वर्षीय बेटा आदर्श है।
ससुराल पक्ष के अनुसार रविवार रात आंचल ने सभी को भोजन कराया और अपने 2 साल के बेटे के साथ कमरे में सोने चली गई। सुबह जब बच्चे के रोने पर भी आंचल बाहर नहीं आई तो परिवार वालों ने आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर रोशनदान से झांककर देखा तो आंचल फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायके पक्ष ने मौके पर पहुंचकर ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया।
फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। घटना के बाद दोनों पक्षों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
ब्यूरोचीफ- संजय यादव










