गाजीपुर। समाजवादी पार्टी महिला सभा की सक्रिय नेत्री पुनीता सिंह ‘खुशबू’ को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री एवं समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा।

इस अवसर पर पुनीता सिंह खुशबू ने राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी और संगठन को मजबूत करेंगी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अक्टूबर माह में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिलेश यादव के गाजीपुर दौरे के दौरान पुनीता सिंह खुशबू और उनके पति दोनों समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे। दोनों का राजनीतिक अनुभव लंबे समय से रहा है और बीते चार वर्षों में समाजसेवा के अनेक कार्यों के माध्यम से उन्होंने गाजीपुर में अलग पहचान बनाई है।

राजनीतिक परिचय की बात करें तो पुनीता सिंह खुशबू हरियाणा में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं। वह यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव की पत्नी हैं तथा पिछड़ा दलित विकास महासंघ उत्तर प्रदेश की महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने पीजी कॉलेज गाजीपुर से बीए तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीएड की डिग्री प्राप्त की है। वर्तमान में वह गाजीपुर में शिक्षिका के रूप में सेवा दे रही हैं और एक निजी विद्यालय की प्रिंसिपल भी हैं। सामाजिक सरोकार के तहत वह प्रत्येक वर्ष नवरात्रि में नौ बेटियों को गोद लेकर उनकी निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था करती हैं।
इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता डॉ. समीर सिंह, समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल, यादव महासभा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान यादव प्रधान, करंडा ब्लॉक सपा अध्यक्ष रामआशीष यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सूरज राम बागी, जिला पंचायत सदस्य शिवपूजन यादव ‘पांचू’, पूजा कुमारी सहित दर्जनों लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ब्यूरोचीफ -संजय यादव










