गाजीपुर: जिले के जमानियां क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेदनीचक निवासी एक विवाहिता ने थाने में तहरीर देकर अपने पति सहित पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कॉलेज में हुआ प्रेम, 2023 में मंदिर में की शादी
तहरीर के अनुसार, सुहवल थाना क्षेत्र के गरुआ मकसूदपुर निवासी पूनम यादव का कॉलेज में पढ़ाई के दौरान अजीत यादव से प्रेम संबंध हो गया था। दोनों ने परिवारों की अनिच्छा के बावजूद 3 नवंबर 2023 को ताड़ीघाट स्थित शिव मंदिर में शादी कर ली थी। विवाह के बाद पति अजीत उसे ससुराल ले गया, जहाँ शुरुआत के कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा।
दहेज की मांग, प्रताड़ना और घर से निकाला
पूनम ने आरोप लगाया कि कुछ दिनों बाद ससुरालवालों के व्यवहार में बदलाव आ गया और उस पर दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया और कथित रूप से घर से बाहर निकाल दिया गया। विवाहिता के अनुसार, जब वह वापस ससुराल लौटना चाहती थी, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पति सहित 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पूनम यादव ने पति समेत पाँच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है, और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










