Search
Close this search box.

गाजीपुर: संदिग्ध हालात में बाइक सवार दो युवक पकड़े गए, ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पुलिस को सौंपा

गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत पृथ्वीपुर गांव के पास गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक सवार दो युवकों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। युवकों के व्यवहार पर शक होने के बाद ग्रामीण सतर्क हो गए और पीछा कर दोनों को काबू में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक रोके जाने पर दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे, जिससे ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें एक पेड़ से बांधकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पकड़े गए युवकों के पास तमंचा था और एक बैग में आभूषण भी मिले हैं। यह भी चर्चा है कि दोनों युवक किसी छिनौती की घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि चौरा गांव निवासी राजन वाराणसी से दवा कराकर लौट रहे थे। जब वे बेद बिहारी पोखरा मार्ग से अपने घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो संदिग्धों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया और फरार हो गए। पीड़ित द्वारा घटना की सूचना पृथ्वीपुर में अपने रिश्तेदारों को दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पृथ्वीपुर के पास घेराबंदी कर ली।

सूचना पर पहुंची मरदह पुलिस ने पेड़ से बंधे दोनों युवकों को कब्जे में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमित गुप्ता और अजय मौर्या बताया। कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि ने बताया कि मामला मरदह थाना क्षेत्र का है, प्रकरण संज्ञान में है और मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – संजय यादव
ब्यूरो चीफ, गाजीपुर

Leave a Comment

और पढ़ें