गाजीपुर: सैदपुर थानाक्षेत्र के डहरा कलां में बुधवार को एक निजी एंबुलेंस कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर एकौझी नदी में जा पलटी। गनीमत रही कि एंबुलेंस खाली थी और उसमें केवल चालक मौजूद था, जिसने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
मिली जानकारी के अनुसार, औराई के गिर्द बड़ागांव निवासी 26 वर्षीय चालक अल्ताफ पुत्र अकबर एक शव को पहुँचाने के बाद गोहना मोहम्मदाबाद से वापस लौट रहा था। तभी रास्ते में अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में एंबुलेंस का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलटते हुए नदी में जा गिरा।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। चालक अल्ताफ स्वयं बाहर निकल आया और वाहन मालिक को फोन कर सूचना दी। हादसे में वह आंशिक रूप से घायल हुआ, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। वाहन को नदी से निकालने की प्रक्रिया जारी है।
ब्यूरोचीफ- संजय यादव









