गाजीपुर: मोंथा चक्रवात से फसल बर्बाद होने के बाद सर्वे न होने की शिकायत को लेकर गाजीपुर जिले के सैदपुर तहसील में बड़ा कदम उठाया गया। हरखूपुर गांव की महिला किसान लालती देवी सोमवार को अपने खेत में खराब हुई धान की फसल हाथ में लेकर सीधे तहसील पहुंच गईं। वह ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से मिलने के लिए घंटों इंतजार करती रहीं। जैसे ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय से बाहर निकले, महिला उनके सामने पहुंच गई और हाथ में लिए खराब धान को दिखाते हुए बताया कि उनकी पूरी फसल नष्ट हो गई, लेकिन अब तक संबंधित लेखपाल सर्वे करने नहीं आए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने हलका लेखपाल धर्मेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही तहसीलदार और संबंधित नायब तहसीलदार को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि फसल सर्वे में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह मामला सीधे किसानों और मानवता से जुड़ा हुआ है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देश पर प्रत्येक गांव में फसल क्षति सर्वे अनिवार्य है और इसकी निगरानी स्वयं उच्च अधिकारी कर रहे हैं।









