विकास खंड आराजी लाइन की ग्राम सभा गनेसपुर में प्रधान पद के प्रत्याशी गुलाम अली ने गांव के समग्र विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। उन्होंने कहा कि चुने जाने पर गांव के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए आवास और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा, साथ ही कच्चे मकानों को पक्का किया जाएगा।
गुलाम अली ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाई जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है। इसके तहत गांव के लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना, किसान सम्मान निधि के लंबित मामलों को पूरा कराना, और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना शामिल है।
उन्होंने कहा कि गांव के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन और आयुष्मान हेल्थ कार्ड बनवाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। इसके साथ ही गांव की खराब स्थिति में पड़ी सड़कों और खड़ंजे को दुरुस्त कराया जाएगा।
प्रधान प्रत्याशी ने यह भी कहा कि गांव में स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो प्रधानमंत्री मोदी की प्रमुख योजनाओं में से एक है। साफ-सफाई, विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए गनेसपुर को तेजी से आगे बढ़ाने का संकल्प उन्होंने दोहराया।
रिपोर्ट – अशोक कुमार गुप्ता









