वाराणसी: हैप्पी मॉडल स्कूल, सिगरा शाखा में ‘ग्लोरियस डे’ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशिका श्रीमती नीता सिंह ने माता आनंदमयी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इसके बाद नर्सरी वर्ग के बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मनमोहक नृत्य ‘तितली उड़ी’ प्रस्तुत किया। बच्चों ने तितलियों की तरह उड़ान भरते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके अतिरिक्त ‘लिटिल डॉस’ गीत पर भी लय और ताल से भरपूर नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की अन्य प्रस्तुतियों में नन्हें विद्यार्थियों ने अक्षरों का उच्चारण कर अपनी सीखने की यात्रा का परिचय दिया। आत्मविश्वास से भरे इन प्रदर्शनों को देखकर अभिभावक गर्व और प्रसन्नता से झूम उठे तथा बच्चों की भरपूर सराहना की।
विद्यालय परिवार के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, मंच कौशल और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास करना था, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया। अंत में विद्यालय की निदेशिका नीता सिंह ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्पिता सरकार, संयोजिका वीणा नागर और समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्या अर्पिता सरकार द्वारा अभिभावकों को धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।










