मिर्जापुर। फर्स्टक्राई इंटेलिटोट्स प्रीस्कूल में कल एक भव्य “डांडिया नाइट” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ना, साथ ही नारी शक्ति और नारी सम्मान के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्रों और अध्यापिकाओं ने एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया। नाटक का विषय था – “कालरात्रि और रक्तबीज” के बीच हुआ युद्ध और उसका परिणाम। यह प्रस्तुति न केवल मनोरंजन का साधन बनी, बल्कि बच्चों को नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक धरोहर की भी गहरी सीख दी।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि फर्स्टक्राई इंटेलिटोट्स प्रीस्कूल का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि बच्चों को सांसारिक अनुभव, नैतिक मूल्य, संवेदना और सहानुभूति सिखाना भी है।
कार्यक्रम का समापन इसी उम्मीद के साथ हुआ कि इन नन्हें-मुन्ने बच्चों के मन में सद्भावना, सदाचार और संस्कारों के बीज पनपें, जो उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।











