वाराणसी। काशी नगरी में 72वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज हो चुका है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। चैंपियनशिप के दौरान प्रतिदिन मंत्री, विधायक और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सिगरा स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल सिगरा स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और मैच की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनके अनुभव और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश, विशेषकर बनारस में 72वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “यहां मेरी पोस्टिंग है और ऐसे में इस बड़े आयोजन का हिस्सा बनना मेरे लिए अत्यंत प्रसन्नता और गर्व का विषय है। खिलाड़ियों में टूर्नामेंट को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।”
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता पूरी तरह अनुशासन और बेहतर प्रबंधन के साथ संचालित की जा रही है। बाहर से आए खिलाड़ी बनारस के पर्यटन और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं और शहर के सकारात्मक अनुभव साझा कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल खेल भावना को बढ़ावा मिलता है, बल्कि बनारस की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को भी नई ऊंचाइयां मिलती हैं।









