भदोही। अंतर जिला कराटे चैंपियनशिप 2025 का भव्य आयोजन भदोही में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डैफोडिल्स स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 20 स्वर्ण, 15 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, भदोही की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जौनपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
इस प्रतियोगिता में जौनपुर, कानपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, बुलंदशहर, सोनभद्र, बिजनौर, मैनपुरी सहित अन्य जिलों से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों के जोश और अनुशासन ने पूरे आयोजन को रोमांचक बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भदोही के पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, श्रीकाशी राज महाविद्यालय इंटर कॉलेज औराई भदोही के प्रधानाचार्य एवं कराटे एसोसिएशन के सचिव विनय यादव द्वारा किया गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से अमरदीप सिंह, अपराजिता सिंह, एकेडमिक हेड प्रेरणा आशीष तिवारी, संकटमोचन व नारघाट ब्रांच की प्रधानाचार्या श्रीमती बनर्जी, अर्पिता मुखर्जी, उपप्रधानाचार्या पूजा अग्रवाल एवं रिया भूटानी ने विजेता छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मिर्जापुर के कोच अरुण विश्वकर्मा के कुशल मार्गदर्शन में डैफोडिल्स स्कूल के खिलाड़ियों ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
कराटे एसोसिएशन भदोही ने बताया कि इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह देखने योग्य रहा और आयोजन पूरी तरह सफल रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति बच्चों का रुझान और अधिक बढ़ा है तथा आने वाले समय में ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा।
ब्यूरो, रिपोर्ट – बसंत कुमार गुप्ता









