वाराणसी। बृजइंक्लेव कॉलोनी स्थित महात्मा मेमोरियल एकेडमी में आयोजित 22वें वार्षिक युवा खेल महोत्सव का भव्य समापन उत्साहपूर्वक हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

खेल महोत्सव को चार सदनों — रेड, ग्रीन, व्हाइट एवं येलो हाउस में विभाजित किया गया था। प्रतियोगिता के अंतर्गत खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, ऊंची कूद, शॉटपुट, म्यूजिकल चेयर, बैलून रेस, सैक रेस सहित कुल 36 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें लगभग 150 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ग्रीन हाउस को चैंपियन घोषित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं समाजसेवी राजेश कुमार पाठक ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी का खेलों के प्रति बढ़ता रुझान देश और शिक्षा जगत के लिए अत्यंत शुभ संकेत है। खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन मनीष कुमार सिंह एवं धर्मेंद्र कुमार ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रबंधक आत्मालाल प्रजापति ने किया।
इस अवसर पर नीतू सिंह, प्रियंका सिंह, दिनेश यादव, अजय कुमार बिंद, कोमल गुप्ता, अभिषेक कुमार, सारिका सिंह, प्रीति राय, किरण प्रजापति, अनीता विश्वकर्मा, अनुराधा प्रजापति, मोनिका पटेल सहित अनेक शिक्षकगण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









