वाराणसी: शहर में अब एचआईवी संक्रमण का खतरा बढ़ता दिखाई दे रहा है। युवाओं में जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाने के बावजूद भी इसका असर पूरी तरह देखने को नहीं मिल रहा है। विश्वविद्यालयों से लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में पढ़े-लिखे युवा भी असावधानी बरत रहे हैं, जिसका गंभीर नतीजा सामने आ रहा है।
जिला अस्पताल का आंकड़ा
जिला अस्पताल के असिस्टेंट सीएमएस डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि इस महीने कुल 1200 जांचें हुईं, जिनमें से 19 लोग एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं।उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है क्योंकि लगातार जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद भी संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं।
प्रशासन का प्रयास
सीएमओ के निर्देशानुसार जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। जगह-जगह लोगों को एचआईवी से बचाव के बारे में बताया जा रहा है। डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित जीवनशैली अपनाएं, क्योंकि एचआईवी से बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है।
चिकित्सकों का कहना है कि युवाओं को विशेष रूप से जागरूक रहने की जरूरत है। पढ़े-लिखे वर्ग में भी लापरवाही और गलतियों के कारण संक्रमण बढ़ रहा है, जो समाज के लिए खतरे की घंटी है।










