लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जल्द ही होमगार्ड के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि एनरोलमेंट की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
सीएम ने कहा कि बदलते समय और बढ़ते दायित्वों को देखते हुए होमगार्ड एनरोलमेंट से जुड़े नियमों में संशोधन किया जाए। भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सहयोग से एक नया बोर्ड गठित किया जाएगा। बता दें कि मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष ही 44 हजार रिक्त पदों पर भर्ती की घोषणा की थी।
सीएम के निर्देश
- युवाओं को अधिक अवसर देने और सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए पात्रता, परीक्षा और चयन प्रावधानों में सुधार किया जाए।
- एनरोलमेंट के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष की सीमा तय हो।
- चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा अनिवार्य की जाए।
- पात्रता मानकों को समयानुकूल और परीक्षण प्रणाली को मजबूत बनाया जाए।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़े
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 1,18,348 स्वीकृत पदों के सापेक्ष केवल 71,155 होमगार्ड कार्यरत हैं। अगले 10 वर्षों में लगभग 38 हजार स्वयंसेवक सेवानिवृत्त हो जाएंगे। वर्तमान में 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 51% से अधिक स्वयंसेवक सेवा में हैं।
ड्यूटी आवंटन, भत्तों का भुगतान, अनुग्रह राशि और पेंशन जैसी व्यवस्थाएं ऑनलाइन हो चुकी हैं। वहीं, होमगार्ड मित्र मोबाइल एप ने कार्यप्रणाली को और अधिक सरल व पारदर्शी बना दिया है।
प्रदेश में केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान और 12 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्रों में हर साल 15 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देने की क्षमता मौजूद है।







