गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के खिजिरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत चहारन चट्टी के पास मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरापाह भटौली गांव निवासी अमरनाथ उर्फ गुल्लू पुत्र जोखू राम को चहारन चट्टी के पास एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजवाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। थाना प्रभारी राजनरायन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घायल को इलाज के लिए भेजा गया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
ब्यूरोचीफ: संजय यादव









