गाजीपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव का आज पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के हैदरगंज टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत किया गया। इस स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने किया। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिवादन किया।
श्री यादव आजमगढ़ से गाजीपुर जिला मुख्यालय स्थित रॉयल पैलेस में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। टोल प्लाजा पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। समर्थकों के बीच माला पहनाने को लेकर धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली। श्री यादव ने सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और काफिला आगे रवाना हो गया।

रास्ते में बरही गांव में पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामनारायण यादव के आवास पर उन्होंने कुछ देर रुककर नाश्ता किया, परिवार से मुलाकात की और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चर्चा भी की।
शिवपाल यादव का काफिला मरदह, कछुहरा, बरही, नसरपुर, भडसर, बिरनो थाना, डाड़ी आदि स्थानों पर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
इस मौके पर कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व मंत्री शादाब फातिमा, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, प्रधानाचार्य पारस प्रजापति, राजकुमार पांडेय, महेंद्र चौहान, रामव्रत यादव, राजेंद्र यादव, अजीत यादव, विजय यादव, यशवंत मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग।








