Search
Close this search box.

गाजीपुर: नंदगंज में झपकी मारने से अनियंत्रित हुई बरातियों से भरी स्कॉर्पियो, पेड़ से टकराकर युवक की मौत, 3 घायल

गाजीपुर। थानाक्षेत्र नंदगंज के सहेड़ी में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरात से लौट रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक की झपकी के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बरात से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सदर के ब्रह्मस्थान से एक बरात गई थी। बरात में शामिल लोग स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे जैसे ही वाहन सहेड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, तभी चालक को झपकी आने की वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा भिड़ी।

एक की मौत, तीन घायल

टक्कर में ब्रह्मस्थान निवासी अभिषेक सिंह मंटू (24 वर्ष) पुत्र गोपालशरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन के आगे का हिस्सा पूरी तरह चपटा हो गया था। घटना में 3 अन्य बराती भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बृजेश गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं दुर्घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने थाने में तहरीर दर्ज कराई है।

ब्यूरोचीफ — संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें