लखनऊ/बलरामपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को अवैध धर्मांतरण और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमालुद्दीन उर्फ छांगुर के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया। बलरामपुर और मुंबई में छांगुर और उसके सहयोगियों से जुड़े कुल 14 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
ईडी ने बलरामपुर जिले के उतरौला, मधुपुर गांव और रेहरामाफी गांव में 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। वहीं, मुंबई में शहज़ाद शेख के दो ठिकानों पर भी छापा मारा गया। ईडी की टीमों को कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत हाथ लगे हैं।
जांच एजेंसी छांगुर को विदेशों से मिली करीब 500 करोड़ रुपये की फंडिंग के स्रोत और उसके उपयोग की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि ये फंडिंग संदिग्ध गतिविधियों और अवैध धर्मांतरण से जुड़ी हो सकती है।
मुंबई निवासी शहज़ाद शेख के बैंक खाते में एक करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि पाई गई है, जिसे बाद में अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। ईडी इस ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है।
इस कार्रवाई से अवैध धर्मांतरण नेटवर्क और विदेशी फंडिंग के जाल का बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। ED की छानबीन अभी जारी है।







