मऊ के शीतला धाम से पूजा करके लौट रही एक महिला का मोबाइल तीन चोरों ने छीन लिया। यात्रियों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया। घटना शाम करीब 3 बजे की है। मिथिलेश यादव, जो जंगीपुर की रहने वाली हैं, मेमो ट्रेन से दुल्लहपुर लौट रही थीं। इसी दौरान तीन चोरों ने उनका मोबाइल छीन लिया। महिला के शोर मचाने पर यात्रियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान बदल-बदलकर बताई। कभी खुद को रवि चौधरी तो कभी अमजद खान बताया। उसने अपना पता बिहार के गया जिले का बताया। आरोपी ने बताया कि वह मऊ में अंकुर टेंट हाउस में काम करता है। घटना के समय पीड़िता के साथ उनकी मामी गीता, मौसी अंजू, भाई अंगद, सचिन यादव और कुछ पड़ोसी भी मौजूद थे। दुल्लहपुर में तैनात जीआरपी के दीवान इंद्रदेश यादव और सिपाही दिलीप कुमार को पकड़े गए आरोपी को सौंप दिया गया।
वहीं जीआरपी प्रभारी कपूर सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक से कोई बरामदगी नहीं हुई है। पीड़िता और उनके परिवार का आरोप है कि इसी युवक और उसके दो साथियों ने मोबाइल छीना है। फरार हुए दो आरोपी मोबाइल लेकर भाग गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









