वाराणसी: पिंडरा तहसील ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश में जन शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह गौरव पिंडरा तहसील को अब तक कुल 21वीं बार प्राप्त हुआ है, जिससे तहसील प्रशासन और कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
प्रदेश सरकार द्वारा जुलाई माह के लिए जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार, पिंडरा तहसील में कुल 193 शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिन्हें शत-प्रतिशत समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया गया। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तहसील को उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ।
एसडीएम प्रतिमा मिश्रा ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता कर फीडबैक भी लिया जाता है, जिससे निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में बार-बार पहला स्थान मिलना पिंडरा तहसील की सकारात्मक कार्यप्रणाली और समर्पण का प्रमाण है। यह उपलब्धि कर्मचारियों को और अधिक ईमानदारी व लगन से कार्य करने की प्रेरणा देती है।










