वाराणसी: सदर तहसील में वकील और लेखपाल के बीच हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। मारपीट के इस मामले को लेकर वाराणसी जिला मुख्यालय पर सोमवार को वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया और सीपी कार्यालय का घेराव किया।
वकीलों ने इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि तहसील में हुए विवाद में लेखपाल द्वारा मारपीट की गई थी, लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर दिया।
इस कार्रवाई से नाराज वकीलों ने एडीसीपी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। वकीलों का कहना है कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई एकतरफा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।
गौरतलब है कि यह मामला शिवपुर थाना क्षेत्र के सदर तहसील का है, जहां लेखपाल पर वकील से मारपीट करने का आरोप लगा था। केस दर्ज होने के बाद से वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।











