वाराणसी: मीरघाट पर गंगा स्नान के दौरान दिल्ली के रहने वाले योग प्रशिक्षक और कुशल तैराक नितिन सिंह (47 वर्ष) की डूबने से मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाला हादसा उनके परिवार पत्नी और दो मासूम बच्चों के सामने हुआ, जिन्होंने अपनी आंखों के सामने पति और पिता को हमेशा के लिए खो दिया।
दिल्ली जनकपुरी निवासी नितिन सिंह अपनी पत्नी कंचन सिंह और बच्चों के साथ वाराणसी घूमने आए थे। बुधवार को वह परिवार सहित मीरघाट पहुंचे। उन्होंने पत्नी और बच्चों को घाट की सीढ़ियों पर बैठाया और खुद स्नान के लिए गंगा में उतर गए।
गंगा में दिखा रहे थे करतब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नितिन गंगा स्नान के दौरान कई तरह के जलक्रीड़ा करतब कर रहे थे। वह बार-बार गहरे पानी में डुबकी लगाते और कुछ समय बाद सतह पर आते। परिवार और घाट पर मौजूद लोग भी उन्हें निहार रहे थे। लेकिन एक डुबकी के बाद जब वह काफी देर तक ऊपर नहीं आए तो पत्नी कंचन सिंह को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने घबराकर शोर मचाया।
एनडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से निकाला गया बाहर
सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुजमणि तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। कुछ ही देर में नितिन सिंह को गंगा से बाहर निकाला गया।
मौके पर मौजूद एनडीआरएफ के जवानों ने उन्हें सीपीआर देकर रिवाइव करने की हर संभव कोशिश की, लेकिन कोई मूवमेंट नहीं हुआ।उन्हें तत्काल मण्डलीय अस्पताल कबीरचौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
नितिन की पत्नी और दोनों बच्चे बेसुध हैं। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में शोक और स्तब्धता है। एक कुशल तैराक और योग प्रशिक्षक की ऐसी मौत ने सभी को हिला कर रख दिया है।









