गाजीपुर: क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पांडेपुर राधे में संस्थागत प्रसव केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस प्रसव केंद्र का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रसव केंद्र शुरू होने से अब आसपास के गांव की महिलाओं को प्रसव के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह केंद्र 24 घंटे खुला रहेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
सीता सिंह ने यह भी जानकारी दी कि इस केंद्र पर 102 और 108 एंबुलेंस सेवाएं पहले से ही उपलब्ध हैं, जिससे आपात स्थिति में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाना संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा, “यदि सभी कर्मचारी अनुशासन में रहकर अपने कार्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें तो किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। जैसे मरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है, वैसे ही इस केंद्र पर भी इस वर्ष अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।”
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रविरंजन ने महिलाओं को आश्वासन देते हुए कहा कि धीरे-धीरे इस केंद्र पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी, ताकि किसी भी मरीज को केवल गंभीर स्थिति में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल जाना पड़े।
ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रेम प्रकाश राय ने बताया कि अगले माह से गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। साथ ही स्टाफ नर्स और एएनएम प्रतिदिन गर्भवती महिलाओं की जांच करेंगी। डायबिटीज और हाइपरटेंशन से पीड़ित मरीजों के समुचित इलाज की भी व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर डॉ. आसिफ लारी, बृजेश सिंह, अनिरुद्ध सिंह, प्रभुनाथ, पियूष सिंह, रियाज, चंद्रशेखर राजभर समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









