सोनभद्र: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के अंतर्गत 16 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ नगर पालिका परिषद् राबर्ट्सगंज सभागार में हुआ। इस “लोक कल्याण मेले” का उद्घाटन पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा काशी क्षेत्र महेश चन्द्र श्रीवास्तव, सदर विधायक भूपेश चौबे, सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत, नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद, जिला प्रभारी अनिल सिंह, मंडल प्रभारी भाजपा कमलेश चौबे एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि नंदलाल गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
इस अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी परियोजना अधिकारी डूडा सोनभद्र सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को पुनर्गठित करते हुए केंद्र सरकार ने इसका विस्तार मार्च 2030 तक कर दिया है। योजना का उद्देश्य वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना, डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करना और स्ट्रीट वेंडर्स तथा उनके परिवारों की आजीविका को सशक्त बनाना है।
पुनर्गठित योजना के तहत पहली किस्त का ऋण 10,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये तथा दूसरी किस्त का ऋण 20,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया गया है। इसके लिए नए आवेदन, वेंडर्स प्रोफाइलिंग और खातों के सक्रियण हेतु स्वनिधि पोर्टल खोला गया है।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने उपस्थित लोगों से “लोकल फॉर वोकल” के मंत्र को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स इस योजना से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें और परिवार व समाज के विकास में योगदान दें।









