गाज़ीपुर। जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं एमओयू क्रियान्वयन की बैठक राइफल क्लब, गाजीपुर में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के उद्यमियों व निवेशकों से संबंधित विभिन्न विभागीय प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान निवेश मित्र पोर्टल के अंतर्गत अनुमतियां, अनापत्तियां, पंजीयन व लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को एकल मेज व्यवस्था के तहत ऑनलाइन करने पर बल दिया गया। फरवरी 2026 तक विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई, जिसमें श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एमएसएमई, कृषि विभाग, रजिस्ट्रार फर्म सोसाइटीज, अग्निशमन, राजस्व विभाग और यूपीपीसीएल की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।कृषि विभाग में एक लंबित प्रकरण पाए जाने पर जिला कृषि अधिकारी को दो दिन के भीतर उसका निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं एक उद्यमी द्वारा विद्युत बिल में गलत बकाया दर्शाए जाने की शिकायत पर मामले को अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल को भेजकर समाधान कराने के निर्देश दिए गए।व्यापारियों द्वारा सीवर लाइन के कारण सड़कों की खराब स्थिति की शिकायत पर जल निगम (शहरी) ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुका है और लाल दरवाजा क्षेत्र में शेष सड़क पुनर्स्थापना एक सप्ताह में पूरी कर दी जाएगी। बैठक में अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य कर निवेश व व्यापार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।










