बलिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद बलिया में बलिया पुलिस द्वारा व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस द्वारा उपलब्ध सहायता संसाधनों की जानकारी दी जा रही है।

दिनांक 21 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति 5.0 दिनेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं और आत्मरक्षा से जुड़े व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए। महिलाओं को बिना भय पुलिस से संपर्क करने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल देने के लिए प्रेरित किया गया।

बलिया पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें 112 (आपात सेवा), 1090/1091 (महिला सुरक्षा हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) शामिल हैं।
बलिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन नंबरों पर दें। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास बनाए रखना बलिया पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संजय सिंह- रिपोर्टर, बलिया









