वाराणसी: आध्यात्म, शिक्षा और संस्कृति के लिए विश्वविख्यात काशी अब खेल के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाने जा रही है। वाराणसी के गंजारी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। राजातालाब क्षेत्र स्थित इस स्टेडियम का लगभग 70% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य चरणबद्ध रूप से जारी है। यह परियोजना वर्ष 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।

पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट
यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसकी आधारशिला वर्ष 2023 में पीएम मोदी ने स्वयं रखी थी। इस अवसर पर क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और कपिल देव भी उपस्थित रहे।
450 करोड़ रुपये की लागत, सांस्कृतिक विरासत से सजी होगी संरचना
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्टेडियम को पीपीपी मॉडल (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) के तहत तैयार किया जा रहा है। 30.6 एकड़ भूमि में फैले इस भव्य स्टेडियम में काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया जाएगा।
स्टेडियम की छत को चंद्राकार में डिजाइन किया गया है। दर्शक दीर्घा में गंगा घाट की सीढ़ियां, डमरू की आकृति और त्रिशूल रूपी फ्लडलाइट पोल जैसे अद्वितीय सांस्कृतिक प्रतीक शामिल होंगे, जो दर्शकों को काशी की विरासत का एहसास कराएंगे।
मंडलायुक्त ने दी प्रगति की जानकारी
वाराणसी मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने जानकारी दी कि स्टेडियम का कार्य लगभग 70 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है और बाकी कार्य भी तय समयसीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे।
2026 टी20 वर्ल्ड कप मैच की मेजबानी की संभावना
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में बन रहे इस स्टेडियम के निर्माण के बाद उम्मीद की जा रही है कि 2026 में होने वाले T20 विश्व कप के कुछ मैच यहां आयोजित किए जा सकते हैं। स्टेडियम के निर्माण के साथ ही आसपास की भूमि की मांग में भी तेज़ी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।










