Search
Close this search box.

कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्रा बनी एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी, प्रशासनिक अनुभव से हुआ परिचय

कौशांबी। कोरांव तहसील में सोमवार को एक अनोखी पहल देखने को मिली। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार तिवारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा मधु कुमारी (पुत्री शिवचंद) को एक दिन के लिए प्रभारी उपजिलाधिकारी नियुक्त किया।

छात्रा ने कुर्सी संभालते ही तहसील कार्यालय में लोगों की फरियादें सुनी और कार्यालय की कार्यप्रणाली को समझा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी छात्रा के उत्साह का स्वागत किया और उसका हौसला बढ़ाया।

एसडीएम संदीप कुमार तिवारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बेटियों में आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें उच्च प्रशासनिक सेवाओं की ओर प्रेरित करना है। उनका कहना था कि बेटियां यदि ठान लें, तो हर क्षेत्र में नई ऊंचाई हासिल कर सकती हैं।

विद्यालय की प्रबंधक और शिक्षिकाओं ने इस अवसर को छात्राओं के लिए प्रेरणादायी बताया। मधु कुमारी ने भी कहा कि यह अनुभव उसके लिए स्मरणीय रहेगा और वह भविष्य में समाज की सेवा करने का प्रयास करेगी।

यह पहल स्थानीय प्रशासन की ओर से बेटियों की सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देने का एक प्रेरक उदाहरण साबित हुई।

Leave a Comment

और पढ़ें