वाराणसी: समग्र मानवाधिकार एसोसिएशन में उस समय हलचल मच गई जब संगठन के नगर उपाध्यक्ष राजू अग्रहरी ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए संगठन से नाता तोड़ लिया। राजू अग्रहरी ने संगठन की कार्यप्रणाली और नीतियों से असंतुष्ट होकर यह कदम उठाया है।
राजू अग्रहरी ने प्रेस को जारी अपने बयान में बताया कि उन्होंने 26 दिसंबर को ही अपना इस्तीफा संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों को सौंप दिया था। इसके बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी करते हुए सोमवार को उन्होंने अपना आधिकारिक पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जिला कोषाध्यक्ष ईश्वर चंद्र के पुत्र को सौंप दिया।
उन्होंने कहा कि संगठन के भीतर चल रही गतिविधियों और कार्यशैली से वह काफी समय से आहत और परेशान थे। बार-बार अपनी बात रखने के बावजूद जब कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो मजबूर होकर उन्हें यह कड़ा निर्णय लेना पड़ा।
राजू अग्रहरी के इस फैसले से संगठन के स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके इस्तीफे के बाद समग्र मानवाधिकार एसोसिएशन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं, वहीं संगठन के अंदरूनी हालात को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
फिलहाल संगठन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन राजू अग्रहरी के इस्तीफे को संगठन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।









