मिर्जापुर: अहरौरा थाना क्षेत्र में जरगो बांध पर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के आरोपी और ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त किशोर साहनी (50 वर्ष) पुत्र फुलगेन निवासी डीहूटोला, मधुबन गुलवारा, पूर्वी चंपारण (बिहार) को सोनभद्र के धनरौल बांध क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला 21 अगस्त 2025 का है, जब इमिलिया खुर्द निवासी वादी प्रियंका पटेल ने थाना अहरौरा में तहरीर दी थी कि उसके पति प्रदीप पटेल बांध पर घूमने गए थे, जहां अभियुक्तों ने उन्हें डुबोकर हत्या कर दी। इस आधार पर थाना अहरौरा में मु0अ0सं0-189/2025 धारा 103(1), 109, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मिर्जापुर सोमेन वर्मा ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार को थाना प्रभारी अजय सेठ व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को दबोच लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।









