Search
Close this search box.

सावन के तीसरे सोमवार को लाखों भक्तों ने किया जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक

गाजीपुर: जिले के ऐतिहासिक महाहर धाम में सावन मास के तीसरे सोमवार को भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धा और भक्ति का यह अद्भुत दृश्य करीब 90 से 95 हजार शिव भक्तों की उपस्थिति में देखने को मिला, जिन्होंने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया।

35 किलोमीटर की पैदल यात्रा

गाजीपुर शहर स्थित ददरी घाट से हजारों शिव भक्तों ने रविवार देर शाम गंगाजल लेकर 35 किलोमीटर लंबी कठिन पैदल यात्रा शुरू की, जो सोमवार देर शाम तक जारी रही। श्रद्धालु पैदल, दंडवत, साइकिल, मोटरसाइकिल, चार पहिया वाहन और ई-रिक्शा से महाहर धाम पहुंचे।
पैरों में छाले और शरीर में दर्द के बावजूद भक्तों की आस्था अडिग रही। दिव्यांग भक्तों की भागीदारी ने भक्ति की एक नई मिसाल पेश की।

सेवा शिविरों की रही व्यवस्था

पूरे मार्ग में सेवा शिविरों की व्यवस्था की गई थी, जहां भक्तों को जलपान, गर्म और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। स्थानीय लोगों और स्वयंसेवी संगठनों ने सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

रात भर लगा रहा भक्तों का तांता

महाहर धाम मंदिर परिसर में आधी रात से ही शिव भक्तों की लंबी कतारें लगने लगी थीं। तीसरे पहर मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुले और दर्शनार्थियों की संख्या लगातार बढ़ती गई। सोमवार देर शाम तक करीब 1 लाख शिव भक्तों ने जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, चेक पोस्ट, तथा फायर ब्रिगेड की तैनाती रही। सुरक्षा में एक सेक्शन पीएसी, पांच थानों की पुलिस, महिला कांस्टेबल, होमगार्ड, सब इंस्पेक्टर और पांच एसएचओ स्विफ्टवार ड्यूटी पर तैनात रहे।

प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर उप जिलाधिकारी कासिमाबाद संजय यादव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, क्षेत्राधिकारी अनिल चंद्र तिवारी, थानाध्यक्ष तारावती यादव, वीरेंद्र सिंह, डॉ. रामप्रवेश सिंह, प्रवीण पटवा, प्रभाकर पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें