Search
Close this search box.

संडीला: वार्ड 9 में नई सीसी सड़क का शिलान्यास, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

संडीला (हरदोई)। नगर के वार्ड संख्या 9 में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया। नगर पालिका परिषद संडीला के चेयरमैन मो. रईस अंसारी ने उदय होटल के पीछे प्रस्तावित सीसी सड़क का फीता काटकर शिलान्यास एवं अनावरण किया।

इस अवसर पर चेयरमैन मो. रईस अंसारी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा, जिससे आवागमन में लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर के सभी वार्डों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड 9 के सभासद अजय द्विवेदी सहित मोहल्ले के लोगों ने चेयरमैन का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण की मांग पूरी होने पर स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में चेयरमैन ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सड़क, नाली, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ठेकेदार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्य निर्धारित समयसीमा एवं मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता इरफान हमीद ताज मियां, जेई निर्माण गौरव शुक्ला, अनूप यादव, बहादुर, मनीष यादव सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की।

रिपोर्ट- ओमजीत यादव

Leave a Comment

और पढ़ें