वाराणसी: भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में 1 दिसंबर 2024 से लागू नई नीतियों के विरोध में एलआईसी एजेंट्स ने प्रदर्शन किया। आल इंडिया लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स एसोसिएशन, लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, और एलआईसी एजेंट्स फेडरेशन ने मिलकर अपनी नाराजगी जताई। अभिकर्ता इन नीतियों को दमनकारी बताते हुए प्रबंध निदेशक, अध्यक्ष और आईआरडीए के फैसलों का विरोध कर रहे हैं।

शुरुआत में बीमा एजेंट्स का एक बड़ा समूह प्रधानमंत्री कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के लिए भेलूपुर स्थित एलआईसी मंडल कार्यालय से जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट जाने की तैयारी में था, लेकिन भेलूपुर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और बातचीत के बाद उन्हें वापस भेज दिया। इसके बावजूद, अभिकर्ताओं ने एलआईसी कार्यालय से विशाल जुलूस निकाला।
अभिकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे पालिसीधारकों और एजेंट्स के हितों के खिलाफ किसी भी दमनकारी नीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन ने बीमा एजेंट्स के असंतोष को साफ तौर पर उजागर किया।
जुलूस का नेतृत्व आल इंडिया लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएल ठाकुर ने किया। उनके साथ प्रमोद कुमार राय, सियाराम तिवारी, राजकुमार सिंह, और अरविंद सिंह समेत सैकड़ों एजेंट्स कार्यकर्ता मौजूद रहे।









