गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नायकडीह बाजार में बीती रात नकाबपोश चोरों ने एक किराना व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते हुए लगभग ढाई लाख रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अतरौला गांव निवासी उमेश यादव नायकडीह बाजार में थोक किराना की दुकान चलाते हैं। रोज़ की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब उन्होंने शटर खोलकर दुकान के अंदर प्रवेश किया तो चोरी की घटना का पता चला।
चोरों ने दुकान की सीढ़ी पर लगे करकट को हटाकर अंदर प्रवेश किया और काउंटर में लगे लॉकर को दुकान में रखे लाइटर से जलाकर तोड़ दिया। लॉकर से करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग डेढ़ लाख रुपये का मसाला, सिगरेट व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाजार में व्यापारियों की भीड़ जुट गई। बहलोलपुर चौकी प्रभारी सर्वजीत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं थाना अध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो चीफ, गाजीपुर
संजय यादव









