मिर्जामुराद: स्व. वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय, गौरगांव की छात्रा नंदिनी सेन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करते हुए नेपाल के पोखरा में आयोजित चार दिवसीय ईडो-नेपाल इनविटेशन स्मार्ट चैम्पियनशिप के अंडर-19 सेमी क्लासिकल डांस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र और देश को गौरवान्वित किया।
बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा नंदिनी ने भारत की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ज्ञात हो कि नंदिनी इससे पूर्व भी कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं और बेहतरीन प्रदर्शन कर चुकी हैं। वर्ष 2023 में भारत-नेपाल स्पोर्ट्स फेस्टिवल में नंदिनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था। साथ ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड भारत चैंपियन 2023 में अंडर-19 सेमी क्लासिकल डांस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, शिमला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान और मुरादाबाद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।
नंदिनी की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। महाविद्यालय के प्रबंधक व वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव सिंह गौतम ने गुरुवार को नंदिनी सेन को मोमेंटो और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नंदिनी के पिता त्रिवेणी लाल सेन, जो मिर्जापुर पुलिस में निरीक्षक अपराध शाखा के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
नंदिनी सेन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहनों और गुरुजनों को देते हुए कहा कि आगे भी वे भारत का नाम और ऊँचा करने का संकल्प रखती हैं।
इस सम्मान समारोह के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशुतोष उपाध्याय, सचिव योगेश सिंह, प्रशासनिक अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, अमृता सिंह, मुकेश यादव, संजय मिश्रा, राजेश सिंह, अभिषेक दूबे, रामजी यादव, वीरेन्द्र विश्वकर्मा सहित समस्त शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे और नंदिनी को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।