Search
Close this search box.

मीरजापुर: गंगा में कूदने जा रही महिला को मिशन शक्ति टीम ने बचाया, परिजनों को सौंपा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

मीरजापुर। थाना कछवां क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मिशन शक्ति टीम ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या करने जा रही महिला को समय रहते बचा लिया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में थाना कछवां की मिशन शक्ति टीम क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान बरैनी गांव स्थित गंगा नदी पुल के पास एक महिला को संदिग्ध हालत में देखा गया। महिला पुल से नदी में कूदने की कोशिश कर रही थी, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत रोक लिया।

बचाई गई महिला की पहचान पिंकी पत्नी रमेश चौहान, निवासी हमजापुर, थाना सराय ख्वाजा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि उसने वर्ष 2021 में अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी, जिससे उसके घरवाले नाराज थे। रविवार को वह अपने पिता सदाफल के घर ग्राम बरैनी आई थी, जहां पारिवारिक कहासुनी के बाद वह आहत होकर गंगा नदी में कूदने जा रही थी।

पुलिस ने तत्काल महिला को थाना कछवां लाकर सुरक्षित रखा और उसके पिता तथा पति को बुलाकर काउंसलिंग की। समझाइश के बाद परिजनों ने पुलिस की सराहना की। आवश्यक लिखापढ़ी पूरी कर महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद की स्थिति में गलत कदम न उठाएं और पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लें। मिशन शक्ति टीम महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।

Leave a Comment

और पढ़ें