मीरजापुर। शारदीय नवरात्र-2025 के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को समर्पित “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5.0 को जनपद में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक “सोमेन बर्मा” के निर्देशन में जनपदीय पुलिस अधिकारी, महिला बीट आरक्षी व एंटी रोमियो टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रही हैं।

पुलिस टीमें प्रमुख चौराहों, कस्बों, बाजारों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं नए आपराधिक कानूनों के बारे में जानकारी दे रही हैं।
इसके साथ ही महिलाओं के लिए चल रही महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, उज्जवला योजना, PM स्वनिधि, सम्मान निधि, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व (सुमन) योजना, फ्री सिलाई योजना, महिला शक्ति केंद्र, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, महिला ई-हाट इत्यादि की जानकारी भी दी गई।
बाल विवाह, पाक्सो एक्ट, महिला उत्पीड़न एवं बालश्रम से जुड़ी कानूनी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाल विवाह, बालश्रम, पाक्सो एक्ट एवं महिला उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित कानूनों और पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। छोटे बच्चों को गुड टच–बैड टच के बारे में समझाया गया तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत अभिभावक या पुलिस को बताने की सलाह दी गई।
साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल अवेयरनेस पर विशेष फोकस
सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग को लेकर पुलिस टीमों ने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सुरक्षित पासवर्ड प्रबंधन के बारे में जागरूक किया। पुलिस ने अनजान वीडियो कॉल न उठाने, बैंकिंग जानकारी साझा न करने, फ्री वाई-फाई पर वित्तीय लेन-देन न करने और किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करने की सलाह दी।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई
- 1930 – साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन
- 1090 – विमेन पावर लाइन
- 181 – महिला हेल्पलाइन
- 108 – एंबुलेंस सेवा
- 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 112 – पुलिस इमरजेंसी सेवा
- 1098 – चाइल्डलाइन
- 102 – स्वास्थ्य सेवा
जनपद में 28 स्थानों पर जनचौपाल आयोजित
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जनपद मीरजापुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों द्वारा कुल 28 स्थानों पर जन चौपाल, संगोष्ठियाँ व जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।









