गाजीपुर: स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत मलेठी गांव में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धनंजय प्रजापति ने गांव के 500 से अधिक मनरेगा मजदूरों को सम्मानित कर नई मिसाल पेश की। मजदूरों को साइकिल, डिनर सेट, कपड़ा, साड़ी आदि उपहार स्वरूप भेंट किए गए। पहली बार इस तरह से सम्मानित होकर मजदूरों के चेहरे पर गर्व और खुशी की चमक साफ दिखाई दे रही थी।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक और विशिष्ट अतिथि के रूप में पारस राय (पूर्व लोकसभा प्रत्याशी), भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह (विधानसभा संयोजक) और कुंवर रमेश सिंह पप्पू (पूर्व प्रत्याशी, जंगीपुर) शामिल रहे।

मुख्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मनरेगा मजदूर गांव के विकास कार्यों की रीढ़ हैं। इनकी मेहनत और समर्पण के बिना किसी भी विकास योजना की कल्पना अधूरी है। उन्होंने मजदूरों के सम्मान को गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धनंजय प्रजापति ने बताया कि गांव में जितने भी विकास कार्य हुए हैं, वे इन मजदूरों की कठिन मेहनत का प्रतिफल हैं। उन्होंने आगे भी मजदूरों के हित में काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों द्वारा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी बिरहा शैली में प्रस्तुत की गई, जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा।
इस मौके पर रिषिकेश कुशवाहा ने अध्यक्षता की जबकि संचालन डॉ. अनिल राजभर ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप पाठक, पारस राय, राजन सिंह (प्रमुख), विनोद गुप्ता, अशोक कुशवाहा, पिंटू सिंह, प्रमोद सिंह, गुड्डू गुप्ता, प्रत्यूष तिवारी, अमित सिंह, राघवेंद्र सिंह, तेज प्रताप सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संयोजक धनंजय प्रजापति ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का आभार जताया। यह आयोजन ग्राम स्तर पर सामाजिक सरोकार और श्रम सम्मान की दिशा में एक मिसाल बन गया है।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।