Search
Close this search box.

वाराणसी: बार-बार गंदगी फैलाने पर नगर निगम ने वसूला ₹2000 का जुर्माना, दी कड़ी चेतावनी

वाराणसी: नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर नगर निगम द्वारा शहरभर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। शनिवार को दुर्गाकुंड, मानस मंदिर, और संकटमोचन क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने निरीक्षण किया, जिसमें कई दुकानदार अपने दुकानों के सामने गंदगी फैलाते हुए पाए गए।

पूर्व में चेतावनी देने के बावजूद स्वच्छता नियमों का पालन न करने पर संबंधित दुकानदारों से ₹2000 का जुर्माना वसूला गया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक अश्वनी वर्मा और डाक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह ने किया। टीम ने साफ संदेश दिया कि यदि भविष्य में फिर से गंदगी फैलाते हुए पकड़े गए, तो उनसे भारी जुर्माना वसूलते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान टीम द्वारा स्थानीय निवासियों को घरों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया और सड़क पर कूड़ा न फेंकने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही रथयात्रा चौराहे पर खुले में पेशाब न करने की अपील करते हुए लोगों को पास के सार्वजनिक शौचालय का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें, अपने आस-पास सफाई रखें और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं, जिससे वाराणसी को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें