वाराणसी: सावन महीने के पहले सोमवार को राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) के तत्वावधान में राजातालाब स्थित साईनाथ मंदिर परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश संरक्षक शैलेश बहादुर सिंह के निर्देशन में, जिला प्रभारी जगदीश शुक्ला के संरक्षण एवं प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर मंदिर के संस्थापक भूपेंद्र जैन एवं वाराणसी इकाई के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आम के चार, नीम का एक तथा अन्य विविध प्रजातियों के पौधे रोपे गए। यह पहल शासन की मंशा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बल देने के उद्देश्य से की गई।परिषद का यह अभियान पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक सार्थक पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम में संरक्षक शैलेश बहादुर सिंह ने बताया कि परिषद ने वाराणसी जनपद में 11,000 वृक्ष लगाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा, “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। जब तक धरती पर पेड़ हैं, तब तक जीवन सुरक्षित है। वृक्षारोपण एक पुण्य कार्य है, क्योंकि यही हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।”









