चंदौली। सनबीम स्कूल मुगलसराय में 91 यूपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमर सिंह (सैन्य पदक) के निर्देशन में शुक्रवार को एनसीसी डे बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों ने अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभावना का उत्कृष्ट परिचय देते हुए सभी का मन मोह लिया।

समारोह की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी द्वारा एनसीसी ध्वज फहराकर की गई। इसके उपरांत कैडेटों का दल सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क पहुँचा, जहाँ उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाया और आमजन को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कैडेटों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।
विद्यालय लौटने पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैडेटों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, गीत एवं प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय की डायरेक्टर श्वेता कानूडिया ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा, “एनसीसी युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना का संचार करती है। हमारे कैडेटों का उत्साह और समर्पण विद्यालय के लिए गर्व की बात है।” उन्होंने सभी कैडेटों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह, डीन यू.बी. रॉय, कोऑर्डिनेटर राजेश सिन्हा, मनीष पांडे, सीटीओ सुनील कुमार रॉय, सचिन सिंह यादव समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ब्यूरोचीफ– संजय शर्मा









