नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है। 1 अक्तूबर 2025 से रिजर्वेशन खुलने के बाद शुरुआती 15 मिनट तक केवल वही यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे जिनका आधार वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है। यह नियम आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर लागू होगा।
रेलवे का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य असली यात्रियों को प्राथमिकता देना है। अब तक देखा गया था कि जैसे ही रिजर्वेशन खुलता है, कई एजेंट या दलाल सॉफ्टवेयर की मदद से बड़ी संख्या में टिकट बुक कर लेते थे, जिससे आम यात्रियों को कंफर्म सीट पाने में परेशानी होती थी।
हालांकि, रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सामान्य टिकटों के लिए रिजर्वेशन रोजाना रात 12:20 बजे से शुरू होकर 11:45 बजे तक चलता है। वहीं, एडवांस बुकिंग यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले खुलती है।
रेलवे ने इस नए नियम को लागू करने के लिए सेंटर फॉर रेलवे इनफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) और आईआरसीटीसी को तकनीकी बदलाव करने का निर्देश दिया है। साथ ही, यात्रियों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया अभियान भी शुरू किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले इस साल जुलाई में रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया था। अब तत्काल टिकट केवल वही यात्री ऑनलाइन बुक कर सकते हैं जिनका आईआरसीटीसी अकाउंट आधार से वेरीफाई है।







