Search
Close this search box.

गाजीपुर: रेवतीपुर सीएचसी में समीक्षा बैठक, लापरवाही पर पांच एएनएम को नोटिस

गाजीपुर। रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार की अध्यक्षता में एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर चिकित्सा अधीक्षक ने पांच एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने अथवा भविष्य में दोबारा लापरवाही पाए जाने पर वेतन रोकने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. अमर कुमार ने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने आभा आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने तथा आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं के चिन्हीकरण, टीकाकरण, हाई-रिस्क मामलों की पहचान, संस्थागत प्रसव, रूटीन इम्यूनाइजेशन तथा नवजात शिशु देखभाल से जुड़े कार्यों को गंभीरता से करने का निर्देश दिया। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें