वाराणसी: रायबरेली में दलित युवक हरिओम की मॉब लिंचिंग हत्या ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। इस घटना के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय में अम्बेडकर जी की प्रतिमा के सामने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने अपने मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी।
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में दलितों के साथ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, “एक तरफ मुख्यमंत्री योगी जी वाल्मीकि जयंती पर छुट्टियों का आवाहन करते हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में ऐसी घटनाएं साफ दिखाती हैं कि यह सरकार संविधान विरोधी है। रायबरेली में हरिओम की हत्या शर्मनाक है और इसकी हम कड़ी निंदा करते हैं।”
जिलाध्यक्ष शशांक शेखर ने कहा कि हम सभी राहुल गांधी जी के अनुयायी हैं और प्रदेश में दलित विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि आज का प्रदर्शन गांधीवादी तरीके से अम्बेडकर जी की प्रतिमा के सामने किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडेय, जिलाध्यक्ष शशांक शेखर, इकाई अध्यक्ष गौतम शर्मा, रोनिक सोनकर, रोहित सानू, सुमित सिंह, आसिफ, शशांक कुमार, हिमांशु पांडेय सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।









